उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कुशीनगर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और कहा कि नारायणी और गंडक नदी में बाढ़ से बचाव के लिए बीते सात साल में बड़े स्तर पर प्रयास किये गये हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि वह नारायणी नदी पर पक्का पुल बनाने के लिए सर्वेक्षण का काम जल्द से जल्द शुरू करें। मुख्यमंत्री ने आमजन को भरोसा देते हुए कहा कि आपको कोई परेशानी न हो, आपकी हर समस्या के समाधान के लिए ये सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी है। बाढ़ प्रभावित हर व्यक्ति की सुरक्षा और सहायता के लिए सरकार 24 घंटे खड़ी है।




