Home देश शीतलहर: कश्मीर से दिल्ली तक 26-27 दिसंबर को येलो अलर्ट

शीतलहर: कश्मीर से दिल्ली तक 26-27 दिसंबर को येलो अलर्ट

16
0
Spread the love

कोहरे का असर दिल्ली, अमृतसर, जम्मू और पटना सहित कई शहरों में हवाई और रेल यातायात पर पड़ा

दिल्ली.

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। कश्मीर से लेकर दिल्ली तक सर्द मौसम ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। पहाड़ी इलाकों से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन और बढ़ गई है। कश्मीर में 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि चिल्ला-ए-कलां इस समय अपने चरम पर है।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में 26 और 27 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान सुबह और शाम के समय कम दृश्यता, घना कोहरा और शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।

श्रीनगर मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 से 5 डिग्री नीचे चला गया है। डल झील और पानी की नलों में बर्फ जमने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गुलमर्ग और पहलगाम में पर्यटक बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं।

दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। सफदरजंग वेधशाला के अनुसार न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कोहरे के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि 20 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। प्रशासन ने हाईवे पर सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश के ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जैसे निचले इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मनाली और शिमला में सुबह और रात का तापमान जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।

कोहरे का असर दिल्ली, अमृतसर, जम्मू और पटना सहित कई शहरों में हवाई और रेल यातायात पर पड़ा है। इंडिगो और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है। यात्रियों से अपील की गई है कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले फ्लाइट की स्थिति जांच लें। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में ठंड का यह दौर नए साल तक जारी रह सकता है।