Home देश अराजकता, अहंकार और AAP-दा की हुई हार

अराजकता, अहंकार और AAP-दा की हुई हार

39
0
Spread the love

दिल्ली.

भाजपा ने 27 वर्षों के बाद दिल्ली में भारी जीत हासिल की है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की जीत के जश्न में शामिल होने पर भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। दिल्ली भाजपा के सांसदों ने भी नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया। यमुना मैया की जयकारे लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्ली वासियों के आभार व्यक्त करता हूं।

 

मोदी ने कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है। और मैं दिल्ली वासियों को फिर से एक बार विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस प्यार को सवा गुना करके विकास के रूप में हम लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है – आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। उन्होंने कहा कि इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।