जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया के परिवार से शुक्रवार को एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम ने पूछताछ की। तीन से चार सदस्यीय एनआईए टीम रायपुर स्थित उनके निवास पर पहुंची और मृतक की पत्नी, बेटे और बेटी से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई।
एनआईए अफसरों ने परिजनों से घटना के समय की स्थिति, उनकी गतिविधियों और आतंकी की पहचान से जुड़ी बातों पर विस्तार से चर्चा की। आतंकी के हुलिए, पहनावे और बोलचाल के तरीके को लेकर भी जानकारी ली गई। टीम ने यह जानना चाहा कि गोलीबारी के समय परिवार के सदस्य कहां थे और क्या कर रहे थे।




