इस्लामी गणराज्य ईरान के विदेश मंत्री डॉ. अब्बास अराघची भारत और ईरान के बीच 20वीं संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करने के लिए 07-08 मई 2025 तक भारत का दौरा करेंगे। अगस्त 2024 में ईरान के विदेश मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद से डॉ. अराघची की यह पहली भारत यात्रा है। भारत-ईरान मैत्री संधि पर हस्ताक्षर की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की जा रही संयुक्त आयोग की बैठक में दोनों देशों के बीच आपसी हितों के मुद्दों और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए आगे के रास्ते की समीक्षा की जाएगी। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। ईरानी समाचार एजेंसी इरना के हवाले से दिए गए बयान में उन्होंने दोनों पक्षों से संयम बरतने और टकराव से बचने का आह्वान किया।




