कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सभी ब्लॉकों में फॉर्म वितरण कार्य प्रगति पर
दंतेवाड़ा, 18 नवंबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार दंतेवाड़ा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2026 का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुका है। जिले में मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन को उच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान पूरे प्रशासनिक तंत्र के सहयोग से गति पकड़ चुका है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 1,95,012 दर्शित की गई है। मतदाता सूची के अद्यतन हेतु आवश्यक एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना पत्रक) में से 1,94,199 फॉर्म का वितरण पूर्ण कर लिया गया है, जो कुल लक्ष्य का 99.58 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट होता है कि फील्ड स्तर पर कार्य कर रही टीमें घर-घर पहुँच कर मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने में पूरी गंभीरता से जुटी हैं। इसके साथ ही गणना पत्रक के डिजिटाइजेशन का कार्य भी प्रगति पर है। अब तक 16,258 फॉर्म डिजिटल रूप से दर्ज किए जा चुके हैं, जो कुल कार्य का 8.34 प्रतिशत है। डिजिटाइजेशन कार्य को और तेज करने के लिए संबंधित निकायों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के सभी ब्लॉकों दंतेवाड़ा, कुआकोंडा, गीदम, कटेकल्याण, बारसूर, बचेली, किरंदुल में फॉर्म वितरण एवं पुनरीक्षण कार्य निरंतर जारी है। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया है कि शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित समयावधि में डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम अद्यतन मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे गणना पत्रक भरने में सहयोग करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची में किसी भी त्रुटि होने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर उसे संशोधित कराएँ।




