Home छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री आवास योजना: छत्तीसगढ़ में बदल रही लाखों परिवारों की जिंदगी

प्रधानमंत्री आवास योजना: छत्तीसगढ़ में बदल रही लाखों परिवारों की जिंदगी

6
0
Spread the love

अपना घर हर व्यक्ति का सबसे बड़ा सपना होता है। एक ऐसा आशियाना जहां परिवार सुरक्षित रहे, बच्चों का भविष्य संवर सके और जीवन सम्मान के साथ आगे बढ़े। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में यह सपना लाखों परिवारों के लिए साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना के माध्यम से प्रदेश के गरीब, वंचित और विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनके जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है।

कभी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर परिवार बरसात के दिनों में सबसे अधिक परेशान होते थे। छत टपकती थी, दीवारें कमजोर पड़ जाती थीं और पूरे परिवार को असुरक्षा के बीच जीवन यापन करना पड़ता था। आज वही परिवार पक्के और सुरक्षित घरों में रहकर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। इन घरों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वच्छ ईंधन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हो रही हैं, जिससे जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा है कि प्रदेश का कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत व्यापक सर्वेक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि पूर्व में छूट गए पात्र परिवारों को भी योजना से जोड़ा जा सके।

’जशपुर जिले में आवासीय क्रांति’

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के गृह जिले जशपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ने विकास और सामाजिक परिवर्तन का नया अध्याय लिखा है। जिले में अब तक 1 लाख 26 हजार 18 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 93 हजार 506 आवास पूर्ण होकर हितग्राहियों को लाभान्वित कर चुके हैं। हजारों परिवार अब अपने पक्के घरों में सुरक्षित और गरिमामय जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

इसी प्रकार पीएम जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 से 2025 तक जिले में 2,040 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 1,494 से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को भी इन योजनाओं के माध्यम से स्थायी और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनके जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।

’जनजातीय विकास का सशक्त माध्यम बना पीएम-जनमन’

पीएम-जनमन योजना केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनजातीय समुदायों के समग्र विकास का अभियान है। इसके माध्यम से सुरक्षित आवास, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पोषण, सड़क और दूरसंचार संपर्क जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराकर जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

’सभी पात्र परिवारों तक पहुंचेगा योजना का लाभ’

जशपुर जिले में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के अंतर्गत 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का पुनः सर्वे किया गया है। पात्रता के आधार पर इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण की योजना नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और हजारों परिवारों के सपनों को साकार कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here