Home छत्तीसगढ़ संयंत्र के एसएमएस-3 में नए हॉट मेटल लैडल प्रीहीटर एवं वैकल्पिक सीओजी...

संयंत्र के एसएमएस-3 में नए हॉट मेटल लैडल प्रीहीटर एवं वैकल्पिक सीओजी लाइन की सफल कमीशनिंग

2
0
Spread the love

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) में पूर्णतः इन-हाउस संसाधनों से विकसित नए हॉट मेटल (एचएम) लैडल प्रीहीटर एवं वैकल्पिक कोक ओवन गैस (सीओजी) हेडर लाइन की सफलतापूर्वक कमीशनिंग की गई। यह तकनीकी उपलब्धि उत्पादन क्षमता, बेहतर परिचालन तथा सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना के माध्यम से रखरखाव कार्यों के दौरान भी उत्पादन की निरंतरता सुनिश्चित करने के साथ-साथ संयंत्र की उपलब्धता एवं कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

परियोजना के अंतर्गत एसएमएस-3 में दो महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार किए गए हैं। प्रथम, समर्पित डीएन-350 हेडर लाइन एवं नए हॉट मेटल लैडल प्रीहीटर की स्थापना की गई है, जिसके माध्यम से लैडल बे एवं नए प्रीहीटर को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इससे लैडल को कम समय में तैयार करने की क्षमता बढ़ी है तथा परिचालन बेहतर हुआ है। द्वितीय, वैकल्पिक सीओजी हेडर लाइन विकसित की गई है, जो लैडल ड्रायर सर्किट को निरंतर एवं स्थिर गैस आपूर्ति उपलब्ध कराती है। इससे प्रतिदिन निर्धारित उत्पादन लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक संख्या में तैयार लैडल उपलब्ध रहेंगे।

नई ड्यूल-हेडर प्रणाली की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसकी रेडंडेंसी (वैकल्पिक व्यवस्था) है। अब लैडल ड्रायर सर्किट के नियमित अनुरक्षण के दौरान भी उत्पादन प्रभावित नहीं होगा। इससे अनावश्यक डाउनटाइम में कमी आएगी तथा संयंत्र की उत्पादकता, उपलब्धता एवं परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

यह परियोजना भिलाई इस्पात संयंत्र की इन-हाउस इंजीनियरिंग क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है। परियोजना की संकल्पना से लेकर सफल क्रियान्वयन तक का कार्य मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) श्री त्रिभुवन बैठा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस कार्य में महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री पी. के. अग्रवाल, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) श्री पी. के. सतपथी, महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री संजीव कुमार मिश्रा, कन्वर्टर मैकेनिकल टीम से उप महाप्रबंधक श्री राकेश वृष्णवंशी एवं वरिष्ठ प्रबंधक श्री चंदन चतुर्वेदी तथा कन्वर्टर इलेक्ट्रिकल टीम से उप महाप्रबंधक श्री रजत सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।