Home छत्तीसगढ़ राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 153वीं तिमाही समीक्षा बैठक संपन्न

राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 153वीं तिमाही समीक्षा बैठक संपन्न

2
0
Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 153वीं तिमाही समीक्षा बैठक दिनांक 28 जुलाई 2026 को कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई इस्पात संयंत्र, श्री पवन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री सौमिक डे, उप महाप्रबंधक (संपर्क, व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग तथा ऑनलाइन माध्यम से समस्त कार्यपालक निदेशकगण, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारीगण, मुख्य महाप्रबंधकगण, संयंत्र के सभी विभाग प्रमुखगण व समस्त विभागीय हिंदी समन्वय अधिकारीगण उपस्थित थे।

सर्वप्रथम महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क व प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी ने पुस्तक भेंट कर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार का स्वागत किया। श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सितंबर माह में राजभाषा पखवाड़ा के आयोजन की जानकारी दी व कहा कि प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से हिंदी में कार्यालयीन कामकाज को प्रोत्साहन की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विभाग प्रमुखगण से राजभाषा पखवाड़ा को सफल बनाने का निवेदन किया।

श्री पवन कुमार ने कहा कि हिंदी में कार्य करने में प्रत्येक कार्मिक की भागीदारी सुनिश्चित करना हम सबका दायित्व है। आगामी दिनों में भिलाई इस्पात संयंत्र की पत्रिका ‘भिलाई भाषा भारती’ तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग की पत्रिका ‘महानदी’ का प्रकाशन किया जाना है, साथ ही राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन किया जाना है, उन्होंने सभी विभागप्रमुखों से इन पत्रिकाओं के लिए अधिकाधिक रचनाएँ प्रेषित करने तथा राजभाषा पखवाड़ा में अधिक से अधिक प्रतिभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष उल्लेख के साथ उन विभागों से हिंदी में पत्राचार का प्रतिशत बढाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने की बात कही जिन विभागों में हिंदी में पत्राचार का प्रतिशत कम है।

उन्होंने हिंदी में कार्यालयीन कार्यों में कठिनाई होने की स्थिति में राजभाषा विभाग से सहज संपर्क कर कठिनाई दूर करने तथा वर्तमान दौर में टेक्नोलॉजी की सहायता से ऑनलाइन वॉइस टायपिंग के द्वारा हिंदी में कार्य करने की बात कही।

उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन – राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने विगत बैठक की कार्यसूची का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, तत्पश्चात आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन कर शत-प्रतिशत हिंदी में पत्राचार करने वाले विभागों का उल्लेख कर आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन तथा आभार प्रदर्शन किया।