Home छत्तीसगढ़ हर बुधवार को बेंगलुरु के लिए दौड़ेगी ट्रेन, स्पेशल से नियमित हुई...

हर बुधवार को बेंगलुरु के लिए दौड़ेगी ट्रेन, स्पेशल से नियमित हुई बिलासपुर–यलहंका एक्सप्रेस

2
0
Spread the love

 बिलासपुर: बिलासपुर से दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करने बिलासपुर–यलहंका (बेंगलुरु) साप्ताहिक एक्सप्रेस (18261/18262) को बुधवार से नियमित कर दिया गया है। अब तक यह स्पेशल बनकर चल रही थी। स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए होता है। अब यह नियमित हो गई है। बिलासपुर से यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को छूटेगी।

आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में इस साप्ताहिक नियमित रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेल सेवा दोनों क्षेत्रों के बीच शिक्षा, रोजगार, व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक संपर्क को भी नई गति प्रदान करेगी।विशेष रूप से बेंगलुरु जैसे प्रमुख आईटी एवं औद्योगिक केंद्र से बिलासपुर क्षेत्र का सीधा रेल संपर्क मजबूत होने से विभिन्न वर्गों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे पहले बैंगलुरू के लिए केवल एक ट्रेन कोरबा- यशवंतपुर चल रही है। इस वजह ट्रेन में अत्यधिक भीड़ व प्रतीक्षा सूची रहती थी। दो ट्रेन होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से इस रेल सेवा को नियमित करने की मांग थी। क्षेत्रवासियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर निरंतर प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब यह सेवा नियमित रूप से संचालित होगी।

बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक ट्रेन बिलासपुर से 14:00 बजे रवाना होगी और भाटापारा 14:40 बजे, रायपुर 15:35 बजे, दुर्ग 16:25 बजे, राजनादगांव 16:49 बजे, डोंगरगढ़ 17:12 बजे, गोंदिया 18:15 बजे पहुंचेगी। यहां 10 मिनट ठहरने के बाद वडसा, चांदाफोर्ट, वल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिर्याल, काजीपेट, चर्लपल्ली, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तांडूर, यादगीर, कृष्णा जंक्शन, रायचूर, मंत्रालयम रोड, गुंटकल, गुत्ती, अनंतपुर, धर्मवरम स्टेशन में रूकते हुए 19.00 बजे यलहंका स्टेशन पहुंचेगी।

इसी तरह वापसी में यलहंका से 21:30 बजे रवाना होगी संबंधित स्टेशनों में रूकते गोंदिया 21:50 बजे पहुंचेगी। बिलासपुर पहुंचने का समय 3.30 बजे निर्धारित किया गया है।