Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में 6 अक्टूबर से बदलेगा मौसम

छत्तीसगढ़ में 6 अक्टूबर से बदलेगा मौसम

1
0
Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिन में तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान हैं, वहीं बस्तर और सरगुजा संभाग में रात के समय गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में कोई भी सक्रिय सिस्टम नहीं है।मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा है। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल विभाग ने प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा फिलहाल सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए दक्षिण बिहार से विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी कारण मानसून की क्रमिक विदाई जारी है।

मौसम विभाग ने बताया कि 5 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने के बाद 6 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 6 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है।इसी तरह 7 और 8 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। आगामी दिनों में रात के तापमान में गिरावट से ठंड और बढ़ सकती है।

IMD के अनुसार 6 से 10 अक्टूबर तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 6 से 8 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।