प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोरबा जिला मुख्यालय के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित हुई। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में हुई सभा में प्रधानमंत्री के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए श्रम, उद्योग एवं आबकारी मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण को प्राथमिकता मिली है। उन्होंने नागरिकों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डीएमएफ के माध्यम से कोरबा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, आश्रम-छात्रावास और सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के कार्य 15 अक्टूबर के बाद तेज किए जाएंगे। शहर के अंडरब्रिज निर्माण की तकनीकी अड़चनें दूर हो गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
सभा में मंत्री श्री देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को ‘विकसित भारत सेवा संकल्प’ की शपथ दिलाई। उन्होंने ओपन थिएटर मैदान में चार फ्लड लाइट लगाने और पुराने बस स्टैंड के रानी रोड के पास स्थित चौक का नाम ‘विकसित भारत चौक’ रखने की घोषणा की। विधायक श्री प्रेमचंद पटेल और श्री गोपाल मोदी ने भी विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी और सेवा कार्यों के महत्व पर विचार रखे।
सभा के बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। हाथों में मशाल लेकर मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व में यात्रा घंटाघर और निहारिका मार्ग से होते हुए सुभाष चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।




