Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बेटियों की कल्पनाओं ने...

सेवा संकल्प अभियान एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बेटियों की कल्पनाओं ने भरे रंग, शिक्षा-सुरक्षा और समानता का दिया संदेश

2
0
Spread the love

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, समानता एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से बालिका शिक्षा, भ्रूण हत्या की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा तथा बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से समाज को बेटियों के सम्मान, संरक्षण एवं शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बताया गया कि बालिकाओं को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षित एवं सशक्त बालिकाएं परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और रचनात्मक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।