Home छत्तीसगढ़ विश्व मात्स्यिकी दिवस पर संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, 400 मत्स्य कृषकों ने...

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, 400 मत्स्य कृषकों ने लिया हिस्सा

2
0

झींगा एवं तिलापिया पालन सहित विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी, मत्स्य कृषकों को जाल, आइस बॉक्स एवं प्रमाण पत्र का किया गया वितरण

अम्बिकापुर 21 नवम्बर 2026

विश्व मात्स्यिकी दिवस 2026 के अवसर पर आज ऑडिटोरियम, पी.जी. कॉलेज अंबिकापुर, में संभाग स्तरीय एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संभाग के सभी जिलों से लगभग 400 मत्स्य कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सरगुजा के उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिमा केरकेट्टा एवं श्रीमती नानमणि पैंकरा सहित मछुआ समाज के प्रतिनिधि, संभाग के विभिन्न जिलों के अधिकारी एवं मत्स्य निरीक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मत्स्य कृषकों को मछली पालन की आधुनिक तकनीकों एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया गया। इस दौरान झींगा पालन, तिलापिया पालन, एनएफडीपी (NFDP) पोर्टल में मत्स्य कृषकों का पंजीयन तथा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने मत्स्य कृषकों को योजनाओं का लाभ लेने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर मत्स्य कृषकों को प्रोत्साहन स्वरूप जाल, आइस बॉक्स एवं प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संभाग के विभिन्न जिलों से आए मत्स्य कृषकों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और मत्स्य पालन से जुड़ी गतिविधियों पर चर्चा की।