सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं रॉड मिल (बीआरएम) में विगत दिनों में ‘शाबाश योजना’ के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने हेतु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (बार एवं रॉड मिल) श्री योगेश शास्त्री ने चयनित कार्मिकों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में महाप्रबंधकगण श्री शाश्वत मोहंती, श्री समीर पांडे, श्री शिखर तिवारी तथा श्री तुषार श्रीखंडे भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री योगेश शास्त्री ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि ‘शाबाश योजना’ का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता तथा सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि सम्मानित कार्मिकों ने अपने समर्पण, जिम्मेदारी एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन से अन्य कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभाग की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
सम्मानित कार्मिकों ने प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से उनका मनोबल बढ़ा है तथा वे भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए बार एवं रॉड मिल की उत्पादन उत्कृष्टता एवं प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘शाबाश योजना’ के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र समय-समय पर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, नवाचार, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता, सुरक्षा उत्कृष्टता तथा कार्यस्थल पर उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्मिकों को सम्मानित करता है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ संयंत्र में उत्कृष्टता की कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करना है।




