Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान में जल संरक्षण का संदेश, श्याम घुनघुट्टा जलाशय में...

सेवा संकल्प अभियान में जल संरक्षण का संदेश, श्याम घुनघुट्टा जलाशय में हुआ ‘जल जन सेवा संकल्प’

3
0
Spread the love

विधायक श्री प्रबोध मिंज एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह की उपस्थिति में हुआ आयोजन

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्व-सहायता समूह की दीदियों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता व जनभागीदारी का संदेश

रायपुर, 18 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरगुजा जिले के श्याम घुनघुट्टा जलाशय में ‘जल जन सेवा संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की दीदियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जल संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान जल के महत्व, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए दैनिक जीवन में जल संरक्षण को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

श्रमदान कर दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान जलाशय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्व-सहायता समूह की दीदियों ने श्रमदान कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया। नागरिकों को अपने घर, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जल संरक्षण और स्वच्छता में जनभागीदारी पर जोर

कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जल संरक्षण और स्वच्छता केवल शासकीय प्रयासों तक सीमित विषय नहीं हैं, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जल स्रोतों की सुरक्षा, जल का मितव्ययी उपयोग और आसपास के पर्यावरण की स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयासों को आवश्यक बताया गया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नागरिकों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रयासों से जोड़ते हुए जनभागीदारी को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए.पी. निरंजन, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंता, जनपद पंचायत अम्बिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक और स्व-सहायता समूह की दीदियां उपस्थित रहीं।