जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य शुभारंभ भोपालपटनम एवं भैरमगढ़ विकासखंड में उत्साह और उमंग के साथ हुआ। खेल भावना, ऊर्जा और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में आयोजित इस खेल महोत्सव में खिलाड़ियों का जोश और खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भोपालपटनम में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुलैय्या द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बस्तर ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आपसी भाईचारे, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करते हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
’खेल मैदानों में दिखा जोश, पारंपरिक गीतों और नृत्यों ने बांधा समां’- बस्तर ओलंपिक के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिताओं के प्रारंभ से पूर्व पारंपरिक स्वागत गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। खेल मैदानों में खिलाड़ियों की उमंग, दर्शकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और स्थानीय संस्कृति की मनमोहक झलक ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
बस्तर ओलंपिक 2026 के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, रस्साकशी, लंबी दौड़ एवं लंबी कूद सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ पारंपरिक नृत्य एवं लोकगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से जहां युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है, वहीं बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और पारंपरिक खेलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
’गांव-गांव की प्रतिभाओं को मिल रही पहचान, खेल और संस्कृति का अनूठा संगम’- बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इस आयोजन से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने आयोजन को खेल और संस्कृति का अनूठा संगम बताते हुए इसकी सराहना की। खिलाड़ियों ने भी उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है तथा गांव-गांव में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार होता है। भोपालपटनम एवं भैरमगढ़ में ब्लॉक स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ खेल भावना, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। खिलाड़ियों का उत्साह, दर्शकों की भागीदारी और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को खेल महोत्सव के साथ एक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।




